4 नवंबर 2019 - 17:26
रूस ने अमरीका की ली फिर क्लास, अबूबक्र अलबग़दादी अमरीका की ही पैदावार है

रूस के विदेशमंत्री ने कहा कि आतंकवादी गुट दाइश के पूर्व सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी को वास्तव में अमरीका ने जन्म दिया था।

रूसी समाचार एजेन्सी से बात करते हुए विदेशमंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने दाइश के सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी के अमरीकी सेना के आप्रेशन में मौत पर प्रतिक्रिया में कहा कि अलबग़दादी, अमरीका की ही पैदावार था। अमरीका ने उसे तैयार किया और टिश्यु पेपर की तरह प्रयोग करके फेंक दिया।

रूसी विदेशमंत्री सर्गेई लावरोफ़ का कहना था कि 2003 में अमरीका ने शांति का बहाना बनाकर इराक़ पर क़ब्ज़ा जमाया और पतन का शिकार देशों की जेलों में क़ैद ख़तरनाक और खूंख़ार आतंकियों को रिहा किया जिसके बाद इराक़ में दाइश ने अपनी जड़ें मज़बूत कीं और अबू बक्र अलबग़दादी को शक्तिशाली बना दिय गया।

सर्गेई लावरोफ़ ने अबू बक्र अलबग़दादी की मौत की पुष्टि से बचते हुए कहा कि हमारे रक्षा मंत्रालय ने इस हवाले से एक बयान जारी किया है, हम इस मामले में और अधिक जानकारियां हासिल करना चाहते हैं जिसके लिए रूसी सेना अतिरिक्त सबूत तलाश कर रही है और अब तक अलबग़दादी की मौत की पुष्टि नहीं हो सकी है।